
उदयपुर के पहाड़ा क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक वाली गली, गणेश नगर में वन विभाग ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गुरूवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि एक घर में अवैध रूप से कछुए पालकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग उदयपुर पूर्व रेंज की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित मकान की गहन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान टीम को तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में दो स्टार कछुए मिले, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति नासीर हुसैन शेख को विभागीय कार्यालय बुलाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि ये कछुए कहां से लाए गए और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो नहीं जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि स्टार कछुओं की बाजार में काफी मांग रहती है, जिसके चलते इनकी तस्करी के मामले भी सामने आते रहते हैं। यह कार्रवाई उपवन संरक्षक अजय चितौड़ा के निर्देश पर की गई, जिसमें क्षेत्रीय वन अधिकारी रविंद्र सिंह शक्तावत, गणपत सिंह के साथ भेरूलाल, पुष्पेन्द्र, अनुराधा और दिग्विजय सिंह की अहम भूमिका रही। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
01 May 2026